
प्रियंका गांधी ओबरा में करेंगी जनसभा।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण में 7 मार्च को सोनभद्र में मतदान होना है और अपने अपने पार्टी प्रत्याशियों के लिए सभी नेता प्रचार प्रसार में पूरी ताकत लगाएं हुए हैं। सोनभद्र जनपद के ओबरा विधानसभा में कांग्रेस प्रत्याशी रामराज गोड़ के समर्थन में कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी ओबरा रामलीला मैदान में दोपहर 12:00 बजे जनसभा को संबोधित करेंगी।
ओबरा में प्रियंका गांधी की जनसभा को लेकर कांग्रेसियों में खासा उत्साह दिख रहा है और इस बार का विधानसभा चुनाव कांग्रेस पार्टी के लिए खासा महत्वपूर्ण है। कई वर्षों बाद इस बार कांग्रेस पार्टी प्रदेश के सभी 403 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ रही है और सारा दारोमदार प्रियंका गांधी ने उठा रखा है। कहा जाता है कि रामराज गोड़ को कांग्रेस पार्टी में प्रियंका गांधी ही लेकर आई थी और उनकी उम्मीदवारी पर भी प्रियंका गांधी ने ही मुहर लगाया था।
