
2017 से 2022 तक ट्रेलर, पूरी फिल्म अभी बाकी: केशव प्रसाद मौर्य।
सूबे के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को कन्नौज के छिबरामऊ में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए लोगाें से भाजपा के लिए समर्थन मांगा। इसके साथ ही उन्हाेंने सपा सरकार पर भी तंज कसा। इत्र व्यापारी के यहां पड़े छापों का जिक्र करते हुए डिप्टी सीएम ने सपा पर जमकर निशाना साधा।
कन्नौज के छिबरामऊ विधानसभा क्षेत्र के एक कोल्ड स्टोरेज में चुनावी मंच पर पहुंचे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनता का अभिवादन करते हुए विधानसभा चुनाव लड़ रहे भाजपा के तीनों प्रत्याशियों को वोट देने की अपील की। जनसभा को संबोधित करते हुये उन्होंने कहा कि 2017 में आपने कमल खिलाया। सरकार ने सभी जरूरी चीजें आप तक पहुंचाने का काम किया है। हमारी सरकार की प्राथमिकता है कि सभी सुखी रहे चाहे अमीर हो या गरीब। लगातार गरीबों के लिए तमाम योजनाएं चलाई जा रही हैं और गरीबों को आगे लाया जा रहा है। विकास का काम कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 2017 से 2022 तक जो आपने देखा वो ट्रेलर था। चुनाव के बाद आगे अभी पूरी पिक्चर दिखाई जाएगी।
