
सपा के गढ़ को भेदने आ रहे अमित शाह।
अमित शाह की बदायूं में चुनावी सभा।
बदायूं। सपा के गढ़ को भेदने के लिये लोकसभा के बाद अब विधानसभा चुनाव में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आ रहे हैं। अमित शाह बुधवार को पहले इस्लामनगर पहुंचेंगे फिर दोपहर में बदायूं आयेंगे। शाह इस्लामनगर सहित बदायूं शहर में सभा को संबोधित करने आ रहे हैं।
केद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार दो फरवरी को सबसे पहले डेढ़ बजे इस्लामनगर पहुंचेंगे, इसके बाद सवा तीन बजे बदायूं पहुंचेंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह इस्लामनगर में सहसवान विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी डीके भारद्वाज तथा बदायूं सदर से प्रत्याशी व राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता के समर्थन में गांधी ग्राउंड में सभा करेंगे। इसके बाद बदायूं शहर में जवाहरपुरी जाकर डोर टू डोर जनसपर्क करेंगे। यहां से वे सीधे भाजपा कार्यालय पर बैठक कर चुनावी रणनीति बनायेंगे। इसको लेकर कार्यक्रम जारी हो गया है। इसको लेकर पूर्व संध्या पर देर रात्रि तक बदायूं शहर व इस्लामनगर के गांधी मैदान में तैयारियां चलती रहीं हैं।
जनपद में दूसरी बार केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आ रहे हैं। पहले लोकसभा चुनाव में 2019 में आये थे और इस्लामियां कालेज में जनसभा हुयी थी। तब उन्होंने सपा के गढ़ से भाजपा को जीत दिलाकर डॉ. संघमित्रा मौर्य को भाजपा का सांसद बनाने का काम किया था। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 1.30 बजे हेलीकाप्टर से इस्लामनगर के केवीएम इंटर कालेज मैदान में उतरेंगे। 1.35 बजे इस्लामनगर रामलीला मैदान पहुंचेंगे। यहां 1.40 से 2.10 बजे तक सभा करेंगे। 2.15 से 2.40 तक का इस्लामनगर में ही आरक्षित समय रहेगा। 2.50 बजे हेलीकाप्टर से केवीएम इंटर कालेज से उड़ेंगे और 3.20 बजे बदायूं पुलिस लाइन मैदान में उतरेंगे। इसके बाद 3.30 बजे गांधी मैदान पहुंचेंगे। 3.30 बजे से 4.15 बजे तक जनसभा गांधी मैदान में करेंगे। 4.20 से 4.35 बजे तक सुनीती पेट्रोल पंप के सामने वाली गली में जनसंपर्क करेंगे। 4.40 बजे भाजपा कार्यालय पहुंचकर 5.25 बजे तक बैठक करेंगे। 5.35 बजे पुलिस लाइन से हेलीकाप्टर से दिल्ली रवाना होंगे।
विधानसभा चुनाव 2022 भाजपा के लिये चुनौती है। बदायूं जनपद सपा का गढ़ है। सपा इस बार तो छह की छह सीटों का दावा कर रही है। सपा ने ऐसा ही दावा 2017 के चुनाव में भी किया था। 2017 के चुनाव में यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आये थे। एक मंच और एक सभा से मोदी ने ऐसा मंत्र चलाया था कि सपा के किला से एक बार में पांच सीटें भाजपा को दिलाईं थी। सपा के खाते में केवल सहसवान बची थी। इस बार 2022 में फतेह दिलाने के लिये बदायूं में अमित शाह आ रहे हैं।
