
शक्तिनगर। केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण उज्ज्वला योजना के तहत योगी सरकार द्वारा शुक्रवार को सोनभद्र जिले के शक्तिनगर पीडब्ल्यूडी मार्केट समीप सौ पात्र महिलाओं को नि:शुल्क गैस सिलेंडर व चूल्हा वितरित किया गया। सरकारी योजना का लाभ का घर महिलाओं के चेहरे पर खुशी झलक उठी। इस दौरान महिलाओं को सुरक्षित तरीके से सिलेंडर व चूल्हा प्रयोग करने के लिए डेमो भी दिखाया गया।
भाजपा युवा मोर्चा शक्ति नगर मंडल अध्यक्ष पवन सोनी ने कहा कि पहले गैस के लिए लाइन में लगे लोगों पर लाठियां बरसती थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उज्जवला योजना से लोगों को लाभ मिला है। इस एक योजना ने एक ओर जहां हमारी माताओं-बहनों को चूल्हे के धुएं से आजादी दिलाकर उनकी सेहत का ख्याल रखा है और रसोईघर में घंटों रहने की मजबूरी से भी निजात दिलाई है।
रेणुकूट गैस एजेंसी संचालक अखिलेश ने बताया कि योजना के अंतर्गत एक करोड़ महिलाओं तक गैस सिलेंडर व चूल्हा का वितरण करना है। इसी क्रम में आज शक्ति नगर में कैंप लगाकर पात्र महिलाओं को योजना का लाभ दिलाया जा रहा है। महिलाओं की सुविधा अनुसार 5 किलो के दो सिलेंडर या 14 किलो का एक सिलेंडर दिया जा रहा है।
