
बिगड़ते पर्यावरण को संतुलित बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण जरूरी: विधायक संजीव गौड़।
वन महोत्सव अभियान के अंतर्गत ओबरा विधायक ने किया वृक्षारोपण।
सोनभद्र। सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ द्वारा वन महोत्सव के अंतर्गत पौधा लगाने के बड़े अभियान का शुभारंभ किया गया है। सीएम योगी आदित्यनाथ के वन महोत्सव के तहत आयोजित वृहद पौधारोपण कार्यक्रम के अंतर्गत ओबरा विधायक संजीव गौड़ ने डाला मंडल के ग्राम पंचायत पटवध के नारायण डीह मोहल्ले व चोपन मंडल के सामुदायिक केंद्र में वृक्षारोपण किया। वन महोत्सव अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम में डाला भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक दुबे, चोपन भाजपा मंडल महामंत्री विकास चौबे, वन विभाग गुरमा रेंजर बलवंत सिंह, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक व कर्मचारी के साथ भारी मात्रा में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
सोनभद्र जिले के लोकप्रिय ओबरा विधायक ने बताया कि वन महोत्सव भारत सरकार द्वारा वृक्षारोपण को प्रोत्साहन देने के लिए प्रति वर्ष जुलाई के प्रथम सप्ताह में आयोजित किया जाने वाला एक महोत्सव है। बिगड़ते पर्यावरण को संतुलित बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण जरूरी है। एक वृक्ष दस पुत्रों के समान है इसलिए प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व बनता है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाए। ओबरा विधायक ने उपस्थित जन समुदाय से अपील किया कि अपने जन्मदिन के अवसर पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और पर्यावरण को बचाने में अपना अमूल्य योगदान दें।
