
सोनभद्र।। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए शनिवार सुबह 11 बजे से मतदान शुरू हुआ। दोपहर डेढ़ बजे तक 30 सदस्यों का वोट पड़ चुका था। इस बीच दोनों तरफ के समर्थक भी जमे रहे। बीच बीच मे शोर शराबा भी होता रहा। विदित हो कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए जादुई आंकड़ा 16 है। जिनके पक्ष में 16 सदस्य होंगे वह अध्यक्ष बनेगा। अपना दल (एस) से राधिका पटेल व सपा से जयप्रकाश पांडेय उर्फ़ चेखुर पांडेय, अध्यक्ष की कुर्सी के लिए आमने-सामने हैं। जिला मजिस्ट्रेट अभिषेक सिंह ने बताया कि जिला पंचायत अध्यक्ष के निर्वाचन को पूरी तरह से पारदर्शी बनाने के लिए हर गतिविधि का वीडियोग्राफी कराई जा रही है।
सोनभद्र में जिला पंचायत सदस्यों की संख्या 31 है। इससे पहले यह संख्या 33 थी, लेकिन नए परिसीमन के बाद यह संख्या घटकर 31 पर पहुंच गई। इस बार जिला पंचायत अध्यक्ष पद की कुर्सी अनारक्षित है। जिसमें सपा ने अनारक्षित वर्ग के सदस्य जयप्रकाश पांडेय को मैदान में उतारा है, वहीं दूसरी ओर अपना दल ने अपना प्रत्याशी आरक्षित वर्ग से मैदान में उतार रखा है।
वहीं दोपहर तीन बजे के बाद आए परिणाम में अपना दल की राधिका पटेल को 19 और सपा के जयप्रकाश पांडेय को 12 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार कुल सात मतों से राधिका पटेल को विजयी घोषित किया गया।
